बंकी में अकीदत और एहतराम के साथ संपन्न हुआ पारंपरिक तीजे का कार्यक्रम
June 29, 2026
बंकी में अकीदत और एहतराम के साथ संपन्न हुआ पारंपरिक तीजे का कार्यक्रम
कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। नगर पंचायत बंकी में मोहर्रम के तीसरे दिन तीजा कमेटी की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी हज़रत इमाम हुसैन (रज़ि.) की याद में तीजे का पारंपरिक कार्यक्रम बड़े ही अकीदत और एहतराम के साथ आयोजित किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने हिस्सा लेकर कर्बला के शहीदों को ख़िराज-ए-अकीदत पेश किया।
कार्यक्रम की शुरुआत ईशा की नमाज़ के बाद पुलिस चौकी बंकी से हुई। पूरी रात “या हुसैन” की सदाओं, मातम और नौहाख़्वानी के बीच ताज़िया अपने निर्धारित मार्ग से होते हुए कर्बला पहुंचा। वहां फ़ज्र की नमाज़ से पहले पूरी धार्मिक परंपरा के अनुसार ताज़िए को सुपुर्द-ए-खाक (दफ़न) किया गया। इस अवसर पर बंकी बाज़ार और मुख्य मार्गों को आकर्षक रोशनी से दुल्हन की तरह सजाया गया था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधानसभा से बसपा प्रत्याशी मो. मुबश्शिर शामिल हुए। उन्होंने तीजा कमेटी को सफल आयोजन की मुबारकबाद देते हुए कहा, “ऐसे धार्मिक आयोजन नई पीढ़ी को कर्बला के पैगाम, इंसानियत, सब्र, कुर्बानी और हक़ के लिए डटकर खड़े रहने की प्रेरणा देते हैं।
इस मौके पर आयोजित नौहाख़्वानी प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से आई टीमों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को कमेटी द्वारा सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में अच्छेच्छा की टीम ने पहला स्थान, छिदवाही की टीम ने दूसरा स्थान और बरेठी की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहद चाक-चौबंद रही। बंकी चौकी प्रभारी के नेतृत्व में कोतवाली नगर क्षेत्र की विभिन्न चौकियों के दरोगा और पुलिसकर्मी पूरी रात मुस्तैदी से तैनात रहे। पुलिस की सतर्क निगरानी के चलते तीजा का यह कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम को सफल बनाने में तीजा कमेटी के सदस्य सलीम इतरत उर्फ़ शेखू, शब्बू खान, राजा सलमानी, अज्जू नेता, मो. मतीन, मो. मोहसिन, मन्नना, अरीब, जान मोहम्मद, शबीब, इम्तियाज़ अली शाह, रशीद, जीशान सलमानी, नियाज़ अली, सैफ़ अली, रेहान, शाहरुख सलमानी, फैसल और समीर सहित अनेक लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई।