फंदे से लटकी मिली मजदूर की लाश, मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
June 28, 2026
फंदे से लटकी मिली मजदूर की लाश, मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। नगर कोतवाली क्षेत्र के बंकी उत्तर टोला में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ रहने वाले 26 वर्षीय युवक पुत्ती गौतम पुत्र श्याम लाल का शव उनके ही घर के कमरे में पंखे से लटकता हुआ मिला। युवक पेशे से मजदूर था। इस अचानक हुई घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, रोज की तरह पुत्ती गौतम शनिवार रात करीब 11 बजे अपना भोजन करने के बाद सोने के लिए ऊपर कमरे में गया था। सोने जाने से पहले उसने अपनी पत्नी को नीचे भेज दिया था। देर रात जब उसकी माँ किसी काम से ऊपर गईं, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने पर भी जब कोई हलचल नहीं हुई, तो अनहोनी की आशंका बढ़ गई।
घबराए परिजनों ने आसपास के लोगों को सूचित किया। इसके बाद मृतक की चचेरी बहन सपना ने किसी तरह कमरे का दरवाजा खोला। दरवाजा खुलते ही सामने का मंजर देख सबकी चीख निकल गई। पुत्ती गौतम का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटक रहा था। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
मृतक पुत्ती गौतम अपने पीछे एक बेटा, एक बेटी और पत्नी को छोड़ गया है। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था (एक भाई और एक बहन)। परिजनों का कहना है कि घर में कोई बड़ा विवाद या ऐसी कोई परेशानी नहीं थी, जिसके कारण वह इतना बड़ा कदम उठाता। खुदकुशी के इस आत्मघाती कदम से परिवार के साथ-साथ पूरा इलाका स्तब्ध है। बहरहाल, सूचना पाकर मौके पर पहुँची स्थानीय कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच में जुट गई है।