शव दफनाने के बाद पिता को हत्या का संदेह, डीएम ने खुदवाई कब्र

शव दफनाने के बाद पिता को हत्या का संदेह, डीएम ने खुदवाई कब्र

कथनी_करनी न्यूज़
बाराबंकी। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में हुई युवक की मौत ने नाटकीय मोड़ लें लिया है। मृतक के पिता को सड़क दुर्घटना के पीछे हत्या की आशंका होने पर डीएम से पोस्टमार्टम की गुहार लगाई गई। जिसके बाद राजस्व प्रशासन और पुलिस टीमों ने शव को खोद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के ऐनुद्दीनपुर मजरे अन्दीपुर गॉव निवासी महेन्द्र कुमार वर्मा जो होमगार्ड है। उनका एकलौता पुत्र प्रियांशु वर्मा सिविल परीक्षा की तैयारी के लिए प्रयागराज जिले में रहता था। बीती तीन मार्च की शाम को होली मनाने घर लौट रहा था। फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के डडियामऊ गॉव पहुंचने के लिए उसने एक बाइक सवार से लिफ्ट मांगी थी। परिजन भी प्रियांशु को लेने के लिए घर से निकल चुके थे। इस बीच दशरथपुर गॉव स्थित पेट्रोल पम्प के पास परिजनों को सूचना मिली की प्रियांशु सड़क हादसे में घायल हो गया है। जिसकी एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई है। प्रियांशु की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और अगले दिन चार मार्च को दफना कर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। होली के बाद पिता महेंद्र को जानकारी मिली कि प्रियांशु के सिर पर चोट के निशान थे। जिससे उसे बेटे की मौत पर संदेह हुआ और हत्या की आशंका के चलते जिलाधिकारी से शव का पोस्टमार्टम कराने की गुहार लगाई। जिलाधिकारी ने शव के पोस्टमार्टम के आदेश दिए जाने के बाद उपजिलाधिकारी ने निर्देश जारी किए। जिसके बाद रविवार को रामनगर तहसीलदार विपुल सिंह, थाना प्रभारी अमित सिंह और मोहम्मदपुर खाला थाना प्रभारी आशुतोष मिश्रा की उपस्थिति में शव को कब्र से खोद कर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। तहसील विपुल सिंह ने बताया कि शव को खोद कर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम होने के बाद मौत की असली वजह पता चल जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top