ससुराल में अपमान से आहत युवक ने की आत्महत्या, साले की शादी में बुलाकर छीनी थी बाइक

ससुराल में अपमान से आहत युवक ने की आत्महत्या, साले की शादी में बुलाकर छीनी थी बाइक

 

कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। देवा थाना क्षेत्र के असोहना गांव में पारिवारिक कलह और ससुराल में हुए अपमान से आहत होकर 24 वर्षीय युवक अजय कुमार रावत ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतक अजय कुमार रावत मंगलवार रात को अपने परिवार के साथ घर की छत पर सोया था। रात करीब 12 बजे वह नीचे अपने कमरे में चला गया। सुबह करीब चार बजे जब उसकी मां सुशीला देवी नीचे आईं, तो उन्होंने अजय को मृत अवस्था में पाया।परिजनों के मुताबिक, अजय मुंबई में नौकरी करता था। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उसका विवाह शिवांगी के साथ हुआ था। दोनों की पांच महीने की एक बेटी है। पिछले 6 महीनों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था, जिसके कारण पत्नी अपने मायके में रह रही थी। डिलीवरी के समय वह महज 15 दिन के लिए ससुराल आई थी और फिर वापस लौट गई थी। मृतक के पिता राजेश कुमार ने बताया कि देवा क्षेत्र के बुढ़नपुर गांव में अजय के साले की शादी थी। मंगलवार को अजय अपनी पत्नी के घर (ससुराल) गया था। आरोप है कि वहां ससुराल वालों ने उसकी बाइक जबरन छीन ली। पिता ने यह भी आशंका जताई कि वहां अजय के साथ मारपीट भी की गई थी। ससुराल में हुए इस कथित सार्वजनिक अपमान और दुर्व्यवहार से आहत होकर उसने यह कदम उठा लिया।
अजय अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का कहना है कि घटना की सूचना तुरंत ससुराल पक्ष को दी गई, पुलिस तीन घंटे इंतजार करती रही लेकिन उनके घर से कोई भी व्यक्ति मौके पर नहीं पहुंचा। पुलिस परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top