अलीगंज अग्निकांड के दिवंगत छात्रों को इण्डियन स्टूडेंट पॉवर नें दी श्रद्धांजलि दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग

अलीगंज अग्निकांड के दिवंगत छात्रों को इण्डियन स्टूडेंट पॉवर नें दी श्रद्धांजलि

दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग

कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान में हुई हृदयविदारक अग्निकांड की घटना में असमय काल-कवलित हुए छात्रों की आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। इण्डियन स्टूडेंट पॉवर नें बाराबंकी में सतरिख नाका स्थित पार्क में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। उपस्थित लोगों ने दिवंगत विद्यार्थियों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर संगठन के संरक्षक पंकज गुप्ता ‘पंकी’ ने कहा कि अलीगंज की यह घटना अत्यंत दुःखद एवं चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश एवं देश के विभिन्न हिस्सों में पूर्व में भी इस प्रकार की दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन समय बीतने के साथ सुरक्षा मानकों की अनदेखी फिर शुरू हो जाती है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, अस्पतालों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अग्नि सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा और निरीक्षण होना अत्यंत आवश्यक है। केवल दुर्घटना के बाद कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है।

संगठन के अध्यक्ष सिद्धार्थ कनौजिया ने पंकी गुप्ता की बात का समर्थन करते हुए कहा कि जिन स्थानों पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होते हैं, विशेषकर कोचिंग संस्थान, विद्यालय, अस्पताल एवं अन्य बहुमंजिला भवन, वहां प्रशासन को समय-समय पर सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं आपातकालीन निकास मार्गों का निरीक्षण करते रहना चाहिए।

उपस्थितजनों ने कहा कि इस घटना में जान गंवाने वाले अधिकांश छात्र अपने उज्ज्वल भविष्य के सपनों को साकार करने के लिए घर से दूर रहकर अध्ययन कर रहे थे। दुर्भाग्यवश संस्थान की लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण उन्हें असमय अपने प्राण गंवाने पड़े। उन्होंने मांग की कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा जो भी व्यक्ति या संस्था दोषी पाए जाएं, उनके विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी पीड़ा का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर विनीत वर्मा, हिमांशु सोनी, केशव राम, मोनू वर्मा, अविनाश वर्मा, अभिषेक, दिलीप वर्मा, राघवेंद्र सुमन, अनुपम , अमित सूर्यवंशी, नेहा सिंह आनन्द, मालती यादव, जया श्रीवास्तव, सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top