खेत में आम के पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, पास मिले दो मोबाइल खोलेंगे मौत का राज
कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। कोठी थाना क्षेत्र के असदामऊ गांव में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 25 वर्षीय युवक का शव उसके अपने ही खेत में आम के पेड़ से फंदे पर लटकता हुआ पाया गया। मृतक की पहचान सोनू उर्फ सुनील कुमार यादव (25) पुत्र अमर सिंह यादव के रूप में हुई है। शव के पास से पुलिस को दो की-पैड मोबाइल फोन मिले हैं, जो इस रहस्यमयी मौत की जांच में सबसे बड़ा सुराग माने जा रहे हैं।
रात में खेत पर सोने गया था युवक
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, चार भाइयों में मंझला और अविवाहित सोनू शुक्रवार शाम को घर पर ही था। वह अमूमन रात में अपने खेत की रखवाली के लिए वहीं बनी चारपाई पर सोता था। शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे जब ग्रामीण खेतों की तरफ गए, तो उन्होंने घर से करीब 300 मीटर दूर दक्षिण दिशा में स्थित खेत में उसका शव आम के पेड़ से लटकता देखा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना मृतक की रोती-बिलखती मां को दी।
मोबाइल में मिली 42 मिस कॉल, गहराया सस्पेंस
घटना की सूचना पर स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को तफ्तीश के दौरान मृतक की चारपाई से करीब 100 मीटर दूर पेड़ के पास से दो की-पैड मोबाइल फोन बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में फोन के भीतर 42 मिस कॉल और दूसरे नंबर से आई 10 कॉल रिकॉर्ड पाई गई हैं। पुलिस ने दोनों फोन को अपने कब्जे में ले लिया है और कॉल डिटेल्स (CDR) खंगालने में जुट गई है।








