बाबा बर्फानी के लिए रवाना हुई भंडारा सामग्री, हर-हर बम-बम के जयकारों से गूंजा बाराबंकी
कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले बाबा बर्फानी के भक्तों की सेवा से आध्यात्मिक शांति और आत्मिक संतुष्टि प्राप्त होती है। निस्वार्थ सेवा भाव से किए गए कार्य से बड़ा कोई दूसरा पुण्य नहीं हो सकता।
यह विचार समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने व्यक्त किए। वे श्री बर्फानीस्वर महादेव सेवा समिति बाराबंकी द्वारा जम्मू-कश्मीर के गुफा मार्ग पर हर वर्ष लगाए जाने वाले भंडारे की रवानगी पर शुभकामनाएं दी। जिसके बाद हर हर बम बम के नारों से वातावरण गूंज उठा।
विधि-विधान से किया वाहनों को रवाना
इस सेवा कार्य के लिए नगर के सुप्रसिद्ध नागेश्वरनाथ मंदिर पर एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने भगवान भोलेनाथ महाराज की विधि-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने भंडारे की सामग्री ले जा रहे वाहनों की आरती उतारी और नारियल फोड़कर उन्हें अमरनाथ के लिए रवाना किया।
सेवादारों के जज्बे की सराहना
पूर्व मंत्री ने समिति के प्रधान अध्यक्ष कैलाश नाथ शर्मा और उनके सभी सेवादारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इतनी ऊंचाई और कठिन परिस्थितियों में आप सब जिस अटूट श्रद्धा से श्रद्धालुओं की सेवा करते हैं, वह अत्यंत सराहनीय है। इसके लिए आप सबकी जितनी प्रशंसा की जाए वह कम है। उन्होंने प्रभु से सभी सेवादारों की यात्रा मंगलमय होने और उद्देश्य के सकुशल संपन्न होने की प्रार्थना की।








