स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन, एक अस्पताल सील, तीन को नोटिस, बेसमेंट बंद
July 3, 2026
स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन, एक अस्पताल सील, तीन को नोटिस, बेसमेंट बंद
कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। जनपद में बिना सुरक्षा मानकों और अवैध रूप से संचालित हो रहे निजी अस्पतालों के खिलाफ जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को गठित विशेष टास्क फोर्स द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में भारी अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद टीम ने एक अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य अस्पतालों को कड़ी चेतावनी के साथ नोटिस जारी किया है।
आश्वी हॉस्पिटल के निरीक्षण के दौरान यहाँ अग्नि सुरक्षा उपकरण, आपातकालीन निकास और पंजीकृत मेडिकल/पैरामेडिकल स्टाफ की भारी कमी मिली। टीम ने इसे अगले आदेश तक तुरंत सील कर दिया।सुमन हॉस्पिटल के अंदर नियमों के विरुद्ध बेसमेंट का संचालन पाए जाने पर शुक्रवार को इस अस्पताल का बेसमेंट सील कर दिया गया। चौहान नर्सिंग होम के बेसमेंट में अवैध संचालन मिला। मानवीय आधार पर भर्ती मरीजों को देखते हुए प्रशासन ने शनिवार सुबह 10 बजे तक का समय दिया है। आदेश का पालन न होने पर अस्पताल को सील कर पंजीकरण निरस्त किया जाएगा।नोबेल और कुमार हॉस्पिटल दोनों अस्पतालों में फायर अलर्ट अलार्म, स्मोक एक्जास्ट और आपातकालीन निकास गायब थे। इन्हें कमियां सुधारने के लिए 3 दिन का समय दिया गया है। उमा हॉस्पिटल निरीक्षण के दौरान बंद पाया गया। संचालक ने सभी मानक पूरे करने के बाद ही इसे दोबारा खोलने का आश्वासन दिया है।
टास्क फोर्स की पैनी नजर
यह कार्रवाई टास्क फोर्स के नोडल अधिकारी डॉ. एल.बी. गुप्ता, उपमुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय बाबू और वरिष्ठ सहायक जितेंद्र कुमार शुक्ला की संयुक्त टीम द्वारा की गई। अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से जिले के अवैध अस्पताल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।