ट्रेन से गिरकर बिहार के युवक की मौत, हुई शिनाख्त 

ट्रेन से गिरकर बिहार के युवक की मौत, हुई शिनाख्त

कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। बिहार से हरियाणा के अम्बाला जा रहे एक युवक की ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी तब हुई जब अम्बाला पहुँचने पर माता-पिता को बेटा ट्रेन में नहीं मिला। खोजबीन के बाद उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में सुढ़ियामऊ स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर उसका शव बरामद हुआ। मृतक के मामा ने शव की शिनाख्त की है।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बिहार के सहरसा जिले का रहने वाला मोहम्मद अरहम शेख अपने पिता मोहम्मद रफीक और माँ मुन्नी खातून के साथ हरियाणा के अम्बाला में रहता था। पूरा परिवार अपने रिश्तेदार (मामा शफील्लाह) के निकाह समारोह में शामिल होने के लिए बिहार आया हुआ था। बुधवार सुबह करीब नौ बजे पूरा परिवार जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेन से वापस अम्बाला के लिए रवाना हुआ था।
यात्रा के दौरान रास्ते में मोहम्मद अरहम शेख अचानक चलती ट्रेन से नीचे गिर गया, जिसकी भनक सहमे परिवार को नहीं लग सकी। जब ट्रेन हरियाणा के अम्बाला स्टेशन पहुँची और माता-पिता नीचे उतरे, तब उन्हें अरहम के गायब होने का पता चला। ट्रेन में न मिलने पर परिजनों ने तुरंत उसकी तलाश और पूछताछ शुरू की।

 

मामा ने की शव की शिनाख्त

खोजबीन के दौरान उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के सुढ़ियामऊ क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुँचे मृतक के मामा मोहम्मद सनाउल्लाह शेख ने शव की पहचान मोहम्मद अरहम शेख के रूप में की। युवक की मौत से शादी की खुशियाँ मातम में बदल गई हैं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top