नए नियमों के साथ ‘वी बी जी राम जी’ योजना का भव्य आगाज
July 2, 2026
नए नियमों के साथ ‘वी बी जी राम जी’ योजना का भव्य आगाज
आयुक्त और जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया शुभारंभ
कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। ग्रामीण विकास को नई गति देने के लिए, पूर्व में मनरेगा के नाम से संचालित योजना को अब नए नियमों के साथ ‘वी बी जी राम जी योजना’ के रूप में शुरू कर दिया गया है। विकास खंड बंकी की ग्राम पंचायत बहादुरपुर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान इस महत्वकांक्षी योजना का आधिकारिक शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के ग्राम्य विकास आयुक्त जी. एस. प्रियदर्शी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत और विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा ‘भुल्लन’ मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से फावड़ा चलाकर योजना की शुरुआत की।
इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में जिला विकास अधिकारी भूषण कुमार, परियोजना निदेशक राकेश सिंह, डीसी एनआरएलएम सुनील कौशल, प्रभारी खंड विकास अधिकारी संदीप कुमार श्रीवास्तव व सचिव अजीत प्रताप सिंह ने मुख्य अतिथियों को बुके भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान योजना के ऑनलाइन लॉन्च और लाभार्थियों से मुख्यमंत्री/उच्चाधिकारियों के संवाद का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया। कार्यक्रम में भारी संख्या में मौजूद स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और स्थानीय ग्रामीणों ने इस नई योजना के नियमों और लाभों की विस्तृत जानकारी ली।
इस मौके पर मुख्य रूप से एपीओ राहुल श्रीवास्तव, एडीओ सूरज सिंह, प्रभारी एडीओ पंचायत कुलदीप श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान वंदना देवी, पंचायत सचिव मधुलिका सहित भारी संख्या में विकास खंड के अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।