झोलाछाप के इंजेक्शन लगाते ही तड़पे चार सगे भाई-बहन, एक की मौत, तीन गंभीर
June 28, 2026
झोलाछाप के इंजेक्शन लगाते ही तड़पे चार सगे भाई-बहन, एक की मौत, तीन गंभीर
कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी।कस्बा हैदरगढ़ के लोहिया वार्ड में एक कथित निजी क्लीनिक के डॉक्टर की घोर लापरवाही के कारण डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि उसके तीन अन्य भाई-बहन जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, लोहिया वार्ड निवासी कल्लू हाशमी के चार बच्चों—हसनैन (डेढ़ वर्ष), मारिया (डेढ़ वर्ष, जुड़वां बहन), साजिद (4 वर्ष) और तमन्ना (8 वर्ष) को खुजली की शिकायत थी। रविवार दोपहर को चारों बच्चे अपनी दादी नगीना के साथ घर से महज सौ मीटर की दूरी पर स्थित बृजमोहन गुप्ता के निजी क्लीनिक पर दवा लेने गए थे। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर बृजमोहन ने बिना किसी जांच के चारों बच्चों को एक के बाद एक इंजेक्शन लगा दिए।
इंजेक्शन लगने के बाद दादी बच्चों को लेकर पैदल ही घर लौट आईं। घर पहुँचते ही अचानक डेढ़ वर्षीय हसनैन और उसकी जुड़वां बहन मारिया तड़पने लगे। वहीं साजिद और तमन्ना को तेज मिचली और घबराहट होने लगी। बच्चों की हालत बिगड़ती देख परिजन तुरंत उन्हें वापस डॉक्टर बृजमोहन के पास लेकर भागे, लेकिन बच्चों की गंभीर स्थिति देखकर डॉक्टर ने हाथ खड़े कर दिए और इलाज करने से मना कर दिया। आनन-फानन में मोहल्ले के अबरार हाशमी और राजा हाशमी ने अपनी गाड़ी निकाली और परिजनों के साथ बच्चों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हैदरगढ़ भागे। वहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद डेढ़ वर्षीय हसनैन को मृत घोषित कर दिया। हसनैन की जुड़वां बहन मारिया की हालत भी उल्टी होने के कारण अत्यंत गंभीर बनी हुई थी, जबकि अन्य दो बच्चे भी असामान्य दिख रहे थे। प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी के डॉक्टरों ने तीनों बच्चों को एम्बुलेंस से जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया है। मासूम बच्चे की मौत और तीन बच्चों की हालत बिगड़ने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस बल ने आरोपी डॉक्टर के क्लीनिक पर छापेमारी की और डॉक्टर बृजमोहन को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है और क्लीनिक की वैधता व डॉक्टर की डिग्री की भी जांच की जा रही है।