अंधविश्वास की वेदी पर चढ़ी एक और जिंदगी तांत्रिक की ‘हवा-बयार’ उतारने की घुट्टी पीते ही तड़प-तड़प कर हुई अविवाहित किसान की मौत
June 26, 2026
अंधविश्वास की वेदी पर चढ़ी एक और जिंदगी
तांत्रिक की ‘हवा-बयार’ उतारने की घुट्टी पीते ही तड़प-तड़प कर हुई अविवाहित किसान की मौत
कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी।थाना टिकैत नगर क्षेत्र के खजुरी गाँव में अंधविश्वास का गोरख धंधा करने वाले के झांसे में पड़कर एक 40 वर्षीय व्यक्ति को अपनी जान गंवानी पड़ी। बीमारी ठीक करने के नाम पर एक तांत्रिक ने कथित तौर पर तंत्र-मंत्र की आड़ में युवक को जहरीला पदार्थ पिला दिया, जिसके बाद पीड़ित के नाक-कान से खून बहने लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से मुख्य आरोपी तांत्रिक फरार है, जबकि पुलिस ने उसके परिजनों को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, खजुरी निवासी सुकई गौतम (40) पुत्र स्व. राम धीरज को गांव के ही कुछ लोगों ने अंधविश्वास के जाल में फंसाया। मृतक के भाई दुखीराम ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब 3 बजे पड़ोस में रहने वाले कमरुद्दीन (पुत्र हसीब) के घर के बाहर तख्त पर हिदायत गुल्ले रसूल (पुत्र रहमत अली बैठा था। उसने सुकई को अपने पास बुलाया और उसे नहाकर आने को कहा। तांत्रिक के कहने पर सुकई जब नहाकर आया, तो उससे फूल-पत्ती, गंगाजल और बैर की 42 पत्तियां मंगवाई गईं। इसके बाद गुल्ले रसूल ने यह दावा करते हुए सुकई को नहलाया कि उसे ‘हवा-बयार’ (ऊपरी चक्कर) लग गई है और वह उसे इस बीमारी से पूरी तरह मुक्त कर देगा। भाई दुखीराम ने बताया कि शाम करीब 5 बजे तांत्रिक दुबारा लौटकर आया। उसने एक बोतल में पानी लिया, उस पर कुछ लिखा और ताबीज डालकर सुकई को पिला दिया। तांत्रिक ने निर्देश दिया था कि रात साढ़े आठ बजे ‘फातिहा’ किया जाएगा, इसलिए सुकई अपने घर के बाहर एक दीया जला दे और आसपास किसी को भी रुकने न दे। तांत्रिक के कहे अनुसार रात ठीक 8:30 बजे जैसे ही सुकई ने घर के बाहर दीया जलाया, अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे खून की उल्टियाँ होने लगीं। इस समय सुकई के पास तांत्रिक या उसके सहयोगी होने की सम्भावना जताई जा रही है, तब भाई घर पर नहीं था।
तड़पते भाई को बचाने की कोशिश, जुबान कटी और थम गईं सांसें
सुकई को तड़पता देख भाई दुखीराम ने भागकर दीया बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सुकई ने उसे अंधविश्वास के चलते रोक दिया। कुछ देर बाद जब दीया बुझा, तब तक सुकई छटपटाना बंद कर चुका था। जब परिजनों ने पास जाकर देखा तो सुकई की जुबान कटी हुई थी और नाक व कान से खून बह रहा था। जो कुछ ही मिनटों में दम तोड़ चुका था।
तांत्रिक फरार, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पूरे गाँव में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को अंजाम देने वाला मुख्य तांत्रिक मैनुद्दीन सलमानी फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने बिना देर कार्रवाई करते हुए फरार तांत्रिक की पत्नी और पुत्र को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।