बारात की खुशियां मातम में बदली: भाई की शादी में DJ लगाने की जिद पर 17 वर्षीय किशोर ने की आत्महत्या
June 22, 2026
बारात की खुशियां मातम में बदली: भाई की शादी में DJ लगाने की जिद पर 17 वर्षीय किशोर ने की आत्महत्या
कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। थाना टिकैत नगर क्षेत्र के पानापुर गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब बड़े भाई की बारात जाने से कुछ घंटे पहले एक 17 वर्षीय किशोर ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घर में जहां शादी की रस्में और खुशियों का माहौल था, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, पानापुर गॉव के निवासी शैलू लोनिया के बड़े पुत्र वीरेंद्र की बारात सोमवार को थाना सफदरगंज क्षेत्र स्थित मां ज्वालामुखी मंदिर के पास जानी थी। रविवार रात करीब 10 बजे घर पर रिश्तेदारों और मेहमानों की भीड़ जुटी हुई थी। इसी बीच शैलू लोनिया के मंझले पुत्र अनुज चौहान (17) का परिवार के लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद के बाद दुखद घटना
बताया जा रहा है कि अनुज चौहान बड़े भाई की बारात से जुड़ी कुछ तैयारियों को लेकर जिद पर अड़ा था। परिजनों द्वारा समझाने के प्रयासों के बीच स्थिति तनावपूर्ण हो गई और आवेश में आकर किशोर ने आत्मघाती कदम उठा लिया। परिजन उसे तत्काल टिकैत नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और शव को वैधानिक कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है। मृतक तीन भाइयों और तीन बहनों में मंझला था। इस हृदयविदारक घटना के बाद से दूल्हे समेत पूरे परिवार में शोक की लहर है।