दहेज लोभियों ने नवविवाहिता को उतारा मौत के घाट, पति समेत 5 पर केस दर्ज
June 17, 2026
दहेज लोभियों ने नवविवाहिता को उतारा मौत के घाट, पति समेत 5 पर केस दर्ज
कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। जनपद के रामनगर थाना क्षेत्र में दहेज की वेदी पर एक और नवविवाहिता की बलि चढ़ा दी गई। महज एक नई बाइक की चाहत में ससुराल वालों ने 20 वर्षीय रुमा को मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति समेत पांच ससुराल वालों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दहेज में मांगी ‘राइडर’ बाइक
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के धूसेपुर गांव निवासी राम बालक ने अपनी बेटी रुमा (20) की शादी रामनगर के अमोली कीरतपुर निवासी नीरज लोध के साथ की थी। नीरज लखनऊ के एक होटल में मजदूरी करता है। वह शादी के 20 दिन बाद रविवार को घर लौटा था। शादी में मिली डीलक्स बाइक को बेकार बताते हुए नीरज अपनी पत्नी रुमा पर पिता से नई ‘राइडर’ बाइक दिलवाने का दबाव बना रहा था।
मना करने पर कर दी हत्या
जब रुमा ने अपने पिता की आर्थिक स्थिति का हवाला देकर नई बाइक मांगने से मना किया, तो मंगलवार को विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पति नीरज, ससुर केशवराम, सास निर्मला, ननद सुनीता और एक नाबालिग भांजी ने मिलकर रुमा की बेरहमी से हत्या कर दी और घर छोड़कर फरार हो गए।
मायके पक्ष में कोहराम
बेटी की मौत की खबर मिलते ही पिता राम बालक परिजनों के साथ मंगलवार शाम करीब 5 बजे बेटी की ससुराल पहुंचे। वहां रुमा का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। घर पर ससुराल पक्ष का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। सूचना पर पहुंची रामनगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।
पुलिस की कार्रवाई
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पति नीरज समेत पांच आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।