बाराबंकी की समृद्धि कुवंर का ISRO युविका परीक्षा में चयन

बाराबंकी की समृद्धि कुवंर का ISRO युविका परीक्षा में चयन

कथनी_करनी न्यूज
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश राज्य के केवल युवा ही नहीं बल्कि बच्चे भी आज हर संभव क्षेत्र में बढ़-चढ़ के हिस्सा ले रहे हैं। प्रदेश के ये नौनिहाल अपनी सफलता का परचम लहरा न केवल अपने परिवार बल्कि अपने राज्य का नाम भी रौशन कर रहे हैं। राष्ट्रीय स्तर पर अपने परिवार और राज्य का मान बढ़ने वाले ऐसे ही एक नौनिहाल है समृद्धि कुवंर, महज 14 साल की उम्र में वो उपलब्धि हासिल कर चुकी है जहां पहुंचना बड़े-बड़ों का सपना होता है। इसके पूर्व समृद्धि कुवंर ने मात्र 9 वर्ष की उम्र में अमेरिका की प्रतिष्ठित स्पेस एजेन्सी नासा के दो दर्जन से अधिक प्रमाण-पत्र प्राप्त कर देश का नाम दुनिया में रोशन कर चुकी है। मूलरूप से बाराबंकी जिले के मोहल्ला मकदूमपुर की रहने वाली समृद्धि कुवंर ने इसरो (भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन) की तरफ से आयोजित होने वाली युविका परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है। आपको बता दें कि युविका परीक्षा इसरो की ओर से चलाया जाने वाला युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम है।

 

इसरो वहन करता खर्च

युविका प्रोग्राम के तहत उन स्कूली बच्चों को अवसर दिया जाता है, जो अंतरिक्ष एवं विज्ञान के क्षेत्र में रुचि रखते हैं। इसरो की तरफ से इस कार्यक्रम के अंतर्गत हर वर्ष परीक्षा का आयोजन किया जाता है। इस परीक्षा में कक्षा 9 में पढ़ने वाले बच्चे आवेदन कर सकते हैं। इस परीक्षा में हर साल देश के 15 लाख से अधिक बच्चे प्रतिभाग करते हैं। इन में से सिर्फ 300–350 मेधावी छात्रों का ही चयन किया जाता है। चयनित छात्रों को इसरो के द्वारा दो सप्ताह का प्रशिक्षण दिया जाता है, जिसका सारा खर्च इसरो वहन करता है।

अंतरिक्ष विज्ञान की जानकारी

बता दें कि इस युविका परीक्षा को उत्तीर्ण करने के उपरान्त समृद्धि कुवंर, “गुजरात के अहमदाबाद स्थित इसरो के स्पेस एप्लीकेशन सेन्टर” की ओर से आयोजित होने वाली दो सप्ताह के आवासीय प्रशिक्षण शिविर में भाग लेंगी। जहाँ अंतरिक्ष विज्ञान के बारे में जानकारी हासिल करेंगी।

पिता का कहना है

समृद्धि कुवंर के पिता प्रो. डॉ. डीबी सिंह का कहना है कि उनकी बेटी को विज्ञान तथा अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति खासी रूचि है। इसके चलते समृद्धि कुवंर ने युविका परीक्षा में प्रतिभाग कर परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। इससे पहले भी समृद्धि कुवंर को विज्ञान, प्रोद्योगिकी, नवाचार, समाज सेवा आदि में सैकड़ो पुरस्कार प्राप्त कर अपने परिवार, विद्यालय, क्षेत्र, राज्य एवं राष्ट का मान अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर बढाया है। समृद्धि कुवंर की सफलता से पूरे परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top