पेशी में दोषी करार दिया गया मुजरिम कोर्ट से हुआ फरार
कथनी_करनी न्यूज़
बाराबंकी। जिला सत्र न्यायालय कोर्ट नंबर दो हत्या के मामले सजा सुनते ही अभियुक्त फरार होने से परिसर में हड़कम्प मच गया। जिसके बाद पुलिस की टीमों ने उसकी गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह नाकाबंदी करके उसकी खोजबीन शुरू कर दी।
सुबेहा थाना क्षेत्र के अहिरन सरैय्या मजरे रोहना मजरे मीरापुर निवासी मटरू और उसका पुत्र सूरज व भाई गुदरू पर बीती दो अगस्त 2016 को जमीन बंटवारे के चलते अपने भाई बरसाती से विवाद हो गया था। इस दौरान उनके बीच मारपीट हो गई थी। तीनो चाचा भतीजे ने मिलकर लाठी-डंडो से बरसाती की पिटाई किए जाने से उसकी मौत हो गई थी, जिसकी हत्या के आरोप में सत्र न्यायालय कोर्ट नंबर दो में शनिवार को जिला कारागार से पेशी पर लाया गया था। बेल पर चल रहा उसका भाई गुदरू और पुत्र सूरज भी पेशी के दौरान मौजूद था। शनिवार की शाम करीब चार बजे जब हत्या आरोपियों को न्यायाधीश ने सुनवाई में दोषी करार देते हुए सजा सुनाई तो सूरज कोर्ट से बच कर भाग निकला।
क्षेत्राधिकारी संगम कुमार ने बताया कि फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई है। सजा होने की भनक लगने पर जेल जाना पड़ेगा इसलिए मौका देख कर अभियुक्त फरार हो गया है, उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सुबेहा कोतवाली प्रभारी का कहना है कि पूरे दल बल के साथ सूरज को ढूंढा जा रहा है उसके परिचितो के घर दबिश दी जा रही है, कोर्ट से फरारी का मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा।