दरवाजे की ईंटें निकालकर घर में घुसे चोर, लाखों के जेवर, नकदी और पिपरमिंट ऑयल लेकर फरार
July 9, 2026
दरवाजे की ईंटें निकालकर घर में घुसे चोर, लाखों के जेवर, नकदी और पिपरमिंट ऑयल लेकर फरार
कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। बड्डूपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गुलराही मजरे कतुरी खुर्द में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए दरवाजे के पास से ईंटें निकालकर घर के अंदर प्रवेश किया और नकदी, जेवरात व कीमती सामान समेटकर रफूचक्कर हो गए।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित अजय कुमार पुत्र हनुमान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार रात करीब एक बजे चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया। चोरों ने मुख्य दरवाजे के पास की ईंटें हटाकर अंदर घुसने का रास्ता बनाया। घर में दाखिल होने के बाद चोरों ने वहां रखा सोने का मंगलसूत्र, झुमकी, चांदी की करधनी, फूल (कांसा) की 12 थालियां, बटुआ और करीब 10 लीटर पिपरमिंट का तेल पार कर दिया। गुरुवार सवेरे जब पीड़ित परिवार नींद से जागा, तो घर का बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। चोरी की भनक लगते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पीड़ित अजय कुमार ने तत्काल ‘112’ नंबर पर कॉल करके पुलिस को घटना की सूचना दी।सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। बड्डूपुर कोतवाल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस की टीमें संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं और जल्द ही घटना का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।