‘भावी पीढ़ी की सुरक्षित पूंजी हैं वृक्ष, माँ-बच्चों के नाम पर लगाएं पौधे’

‘भावी पीढ़ी की सुरक्षित पूंजी हैं वृक्ष, माँ-बच्चों के नाम पर लगाएं पौधे’

 

रामनगर पीजी कॉलेज में गूंजा पर्यावरण का संदेश

 

कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग के इस दौर में पर्यावरण संरक्षण के साथ हरे पेड़ाे पर आरा चलाने वालो को लेकर रामनगर में एक सराहनीय पहल सामने आई है। ‘सात दिवसीय वृहद वृक्षारोपण महाअभियान’ के तीसरे दिन रामनगर पीजी कॉलेज परिसर में बड़े पैमाने पर पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कॉलेज प्रशासन, वन विभाग और जागरूक नागरिकों ने मिलकर परिसर को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कौशलेन्द्र विक्रम मिश्र ने समाज को पर्यावरण से जोड़ने के लिए एक अनूठी और भावनात्मक अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को केवल सरकारी योजनाओं के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। प्राचार्य ने उपस्थित जनसमूह को प्रेरित करते हुए कहा, “हर नागरिक को अपनी माँ, पुत्र और पुत्री के नाम पर कम से कम एक-एक पौधा अवश्य रोपित करना चाहिए। जब हम पौधों को अपने परिवार के सदस्यों की तरह देखेंगे, तभी हम उनकी नियमित देखभाल का संकल्प ले पाएंगे।” उन्होंने जोर देकर कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की धरोहर नहीं हैं, बल्कि यह हमारी आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं।
इस महाअभियान में वन विभाग के अधिकारियों और क्षेत्र के युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अभियान प्रमुख और पर्यावरण प्रेमी मोनू भास्कर के साथ वन दरोगा सचिन पटेल और वन कर्मी दुर्गेश यादव ने लोगों को पौधों को जीवित रखने की तकनीकी बारीकियों से अवगत कराया। इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष महादेवा अमित सिंह, आलोक राय, शिक्षक शिव कैलाश गौतम और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विकास सिंह सहित भारी संख्या में छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने रोपे गए पौधों की सुरक्षा और उन्हें सींचने की शपथ ली।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top