बसपा नें शुरू किया जनसंपर्क, 11 जुलाई के महासम्मेलन को सफल बनाने की तैयारी
July 8, 2026
बसपा नें शुरू किया जनसंपर्क, 11 जुलाई के महासम्मेलन को सफल बनाने की तैयारी
कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। 2027 के चुनावों को देखते हुए बहुजन समाज पार्टी ने जमीन पर अपनी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में सदर विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी मोहम्मद मुबश्शिर ने बुधवार को ब्लॉक बंकी क्षेत्र के कस्बा शहाबपुर, सुरसंडा और पहली पारी सहित विभिन्न गांवों का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय बूथ एजेंटों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मोहम्मद मुबश्शिर ने कहा कि देश बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान के अनुसार चल रहा है और आगे भी इसी के अनुरूप सुरक्षित रहेगा। उन्होंने बसपा सुप्रीमो मायावती के शासनकाल की याद दिलाते हुए कहा कि बहन मायावती के नेतृत्व में प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहद मजबूत थी, और गुंडागर्दी व भ्रष्टाचार पर कड़ा नियंत्रण था। जनता आज भी उस सुशासन को याद कर रही है।
देवा शरीफ में जुटेगा बसपा का हुजूम
कार्यक्रम में मौजूद मुख्य मंडल प्रभारी (अयोध्या) अजय गौतम ने संगठन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश देते हुए आगामी 11 जुलाई को देवा शरीफ में आयोजित होने वाले बसपा के विशाल महासम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।
इस जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष तुलसी प्रसाद, जिला उपाध्यक्ष आसिफ खान, विधानसभा प्रभारी एडवोकेट रविकांत, सेक्टर अध्यक्ष संतराम गौतम, मोहम्मद मुजीब, मोहम्मद रेहान सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण और बसपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।