कृषि अधिकारियो नें 32 दुकानों पर मारा छापा, 2 लाइसेंस निलंबित और 3 को नोटिस जारी
कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। जनपद में मिलावटी और अवैध कीटनाशकों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग के अधिकारियों ने बड़ी कार्रवाई की है। तहसील क्षेत्रों में अचानक की गई छापेमारी से खाद-बीज और कीटनाशक विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। टीम ने कुल 32 दुकानों का औचक निरीक्षण कर 11 कीटनाशकों के नमूने लिए। इस दौरान लापरवाही और नियम विरुद्ध काम करने पर 2 दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए, जबकि बिना सूचना दुकान बंद कर भागने वाले 3 विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जिला प्रशासन के निर्देश पर कृषि विभाग के तीन वरिष्ठ अधिकारियों ने अलग-अलग तहसीलों में कमान संभाली। जिसमें उप कृषि निदेशक उमेश कुमार साहू ने नवाबगंज और हैदरगढ़ तहसील में 08 दुकानों का निरीक्षण किया और 02 नमूने लिए। उन्होंने दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए कि वे किसानों को हर खरीद पर कैश-मेमो (पक्का बिल) अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं।जिला कृषि रक्षा अधिकारी विजय कुमार ने फतेहपुर और रामसनेहीघाट तहसील में 17 कीटनाशक दुकानों पर छापा मारा और 07 नमूने ग्रहित किए।जिला कृषि अधिकारी राजित राम ने रामनगर और सिरौलीगौसपुर तहसील में 07 दुकानों की जांच कर 02 नमूने लिए।







