अंतर्जनपदीय शातिर चैन-स्नैचर अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार
July 7, 2026
अंतर्जनपदीय शातिर चैन-स्नैचर अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार
कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। कोतवाली नगर पुलिस टीम ने अत्याधुनिक तकनीकी का इस्तेमाल करते हुए एक अंतर्जनपदीय शातिर चैन-स्नैचर को गिरफ्तार कर झपटमारी की घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने अभियुक्त के पास से लूटा गया सोने का बाला, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक अवैध तमंचा मय कारतूस बरामद किया है। इस पूरे खुलासे में उत्तर प्रदेश पुलिस के ‘यक्ष ऐप’ ने अपराधी को पहचानने में मुख्य भूमिका निभाई।
कोतवाली नगर पुलिस को मुखबिर और तकनीकी इनपुट से सूचना मिली थी कि शातिर अपराधी क्षेत्र में किसी अन्य घटना को अंजाम देने की फिराक में है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने कुरौली कट के पास से अभियुक्त मोहित शर्मा (26) निवासी ग्राम सराय शेख सतरिख रोड, चिनहट, लखनऊ को घेराबंदी कर दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से पुलिस ने लूट के जेवरात, हथियार और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।
बीती 4 जुलाई को थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के दारापुर के पास एक महिला से कान का बाला झपटने की वारदात हुई थी। पुलिस टीम ने जब घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें संदिग्धों के चेहरे कैद मिले। पुलिस ने संदिग्ध चेहरे की पहचान सुनिश्चित करने के लिए ‘यक्ष ऐप’ पर डेटा चेक किया। ऐप के डिजिटल डेटाबेस और एआई फेस रिकग्निशन की मदद से अभियुक्त मोहित शर्मा की पहचान तत्काल स्थापित हो गई। पूछताछ में उसने अपने साथी के साथ मिलकर दारापुर में झपटमारी की बात कबूल कर ली है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त मोहित शर्मा एक पेशेवर और शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ राजधानी लखनऊ और बाराबंकी जिले के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, मारपीट और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित एक दर्जन से अधिक गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। ताजा बरामदगी के मामले में पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।