भांजी की ससुराल सोये मामा की हैंडपंप पर लटकती मिली लाश
July 7, 2026
भांजी की ससुराल सोये मामा की हैंडपंप पर लटकती मिली लाश
कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। नगर कोतवाली क्षेत्र के दशहराबाग निवासी एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गदिया के मजरे मकदूमपुर गॉव अपनी भांजी की ससुराल गए युवक का शव सुबह छत के नीचे हैंडपंप पर लटका हुआ मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार नगर कोतवाली क्षेत्र दशहराबाग निवासी भगवान दास वर्मा (38) पुत्र स्वर्गीय नन्हादास पेशे से मजदूर था। सोमवार की रात करीब 10:30 बजे सवारी वाहन से गदिया मकदूमपुर अपनी भांजी की ससुराल पंहुचा था। रात में वह घर की छत पर सोने चले गए। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे रिश्ते में दामाद कौशल किशोर ने उसको मृत देखा तो हड़कंप मच गया। भगवान दास का शव छत से गिरकर नीचे लगे हैंडपंप पर मुंह के बल मृत स्थिति में लटका हुआ था। मृतक की बड़ी बहन शिवरानी निवासिनी केसरीपुर, थाना क्षेत्र सफदरगंज ने बताया कि भगवान दास अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद से परिवार में चीख-पुकार मची है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।