ब्रांडेड कम्पनी नकली चाय पत्ती बनाने के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ STF और खाद्य विभाग ने 800 किलो मिलावटी चाय पकड़ी
July 4, 2026
ब्रांडेड कम्पनी नकली चाय पत्ती बनाने के बड़े रैकेट का भंडाफोड़
STF और खाद्य विभाग ने 800 किलो मिलावटी चाय पकड़ी
कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। जनपद में मिलावटखोरों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बड्डूपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में एसटीएफ (STF) और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर नकली चाय पत्ती बनाने के एक बड़े कारखाने का पर्दाफाश किया है। मौके से करीब 800 किलोग्राम रंगी हुई नकली चाय पत्ती, हानिकारक रासायनिक रंग और भारी मात्रा में ब्रांडेड कम्पनियों की नकली पैकिंग सामग्री बरामद की गई है।
जांच टीम के मुताबिक, कारखाने में घटिया दर्जे की चाय पत्ती को हानिकारक रसायनों से रंगा जा रहा था। इसके बाद इसे ‘फास्ट टी’ और ‘गार्डेन फ्रेश’ जैसे आकर्षक ब्रांड नामों के पैकेटों में पैक करके बाजारों में सप्लाई करने की तैयारी थी। बरामद की गई चाय पत्ती की अनुमानित कीमत लगभग 1,60,000 रुपये आंकी गई है।
मौके से इस अवैध धंधे को संचालित करने वाले आरोपी शकील पुत्र मो. यूनुस को दबोचा गया है। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। टीम ने चाय पत्ती और मिलाए जा रहे रंगों के नमूने जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। साथ ही, मौके पर मिली इलेक्ट्रॉनिक और सीलिंग मशीनों को सील कर दिया गया है। आरोपी शकील के खिलाफ थाना बड्डूपुर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। प्रवर्तन टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार, सलिल कुमार सिंह और डॉ. अंकिता यादव शामिल रहे। वहीं एसटीएफ की ओर से उप निरीक्षक राजेश कुमार सिंह के साथ हेड कांस्टेबल चेतन सिंह, श्री कृष्ण, शैलेंद्र उपाध्याय, रमाशंकर चौधरी और सुनील मिश्रा ने मुख्य भूमिका निभाई।
लखनऊ-अयोध्या रोड पर रेस्टोरेंट को अल्टीमेटम
खाद्य विभाग की एक अन्य टीम ने भी शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी पल्लवी तिवारी और अर्शी फारूकी ने अयोध्या-लखनऊ रोड पर स्थित ‘महेश रेस्टोरेंट’ पर छापा मारा। टीम ने वहां से पिसी हुई लाल मिर्च का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है। रेस्टोरेंट परिसर में कई खामियां मिलने पर प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय में कमियां दूर नहीं की गईं, तो रेस्टोरेंट का लाइसेंस निरस्त कर उसे तत्काल बंद करा दिया जाएगा।