युगल प्रेमी जोड़े को डम्पर की टक्कर युवक की दर्दनाक मौत, प्रेमिका गंभीर
July 1, 2026
युगल प्रेमी जोड़े को डम्पर की टक्कर युवक की दर्दनाक मौत, प्रेमिका गंभीर
कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। रामनगर थाना क्षेत्र के दुर्गापुर मोड़ पर बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार डम्पर ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। युवती को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बहराइच जिले के थाना फखरपुर अंतर्गत ग्राम बटरहा छेदी पुरवा निवासी अनिकेत वर्मा (20) पुत्र राम सुमेर वर्मा मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे रामनगर थाना क्षेत्र के बड़नपुर स्थित अपने भाई मस्तराम की ससुराल आया था। बुधवार सुबह वह अपने भाई शोभित की साली व प्रेमिका के साथ बाइक से वापस फखरपुर लौट रहा था। रामनगर-दुर्गापुर मोड़ के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे एक अनियंत्रित डम्पर ने उनकी बाइक को रौंद दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनिकेत की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवती को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भिजवाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस डम्पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। खबर लिखें जाने तक युवती पक्ष के लोग अस्पताल नहीं पहुंचे थे।