सड़क हादसे में युवक की मौत, भाभी गंभीर, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। रामनगर थाना क्षेत्र में सहादतगंज मार्ग पर छपटी गांव के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी भाभी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को बाराबंकी शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, रामनगर थाना क्षेत्र के भिठौरा निवासी सोहन लोध (28) पुत्र उजागर, रविवार रात करीब साढ़े 10 बजे किशुनपुर गांव में आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी भाभी प्रीति के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे सहादतगंज मार्ग पर छपटी गांव के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल सोहन को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल प्रीति को सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद परिजन बाराबंकी शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है।




