ट्रेन से गिरकर प्रवासी युवक की मौत, डेढ़ साल बाद लौट रहा था घर

ट्रेन से गिरकर प्रवासी युवक की मौत, डेढ़ साल बाद लौट रहा था घर

 

कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। बाराबंकी जिले के जीआरपी थाना क्षेत्र के अंतर्गत रौजागांव और रुदौली जंक्शन के बीच ट्रेन से गिरकर एक 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान जौनपुर जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र के मनेजा गांव निवासी पंकज कुमार यादव (पुत्र रामचंद्र) के रूप में हुई है। वह गुजरात के वासानेर में एक टाइल्स फैक्ट्री में काम करता था और करीब डेढ़ साल के लंबे अंतराल के बाद अपने घर लौट रहा था।

कामाख्या एक्सप्रेस से आ रहा था घर

जानकारी के अनुसार, पंकज कुमार यादव वासानेर जंक्शन से कामाख्या एक्सप्रेस में सवार होकर अपने घर के लिए निकला था। सोमवार की भोर में, रौजागांव-रुदौली जंक्शन के बीच किलोमीटर संख्या 146 ए के पास वह अचानक चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। हादसे में गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मोबाइल से हुई शिनाख्त, परिवार में कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस को मृतक के पास मौजूद मोबाइल फोन से उसके पिता का नंबर मिला, जिसके बाद परिजनों को इस हादसे की जानकारी दी गई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे पिता रामचंद्र और अन्य परिजनों ने शव की शिनाख्त पंकज के रूप में की। परिजनों ने रोते हुए बताया कि वह डेढ़ साल बाद घर आ रहा था, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही यह भयानक हादसा हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top