अनियंत्रित टेलर ने फुटपाथ पर साइकिल सवार सब्जी विक्रेता को रौंदा, मौके पर मौत
June 18, 2026
अनियंत्रित टेलर ने फुटपाथ पर साइकिल सवार सब्जी विक्रेता को रौंदा, मौके पर मौत
कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। अंधाधुंध रफ्तार और चालक की लापरवाही के कारण सड़क पर एक और बेगुनाह की जान चली गई। बदोसराय कोतवाली क्षेत्र के मरकामऊ बाजार के पास एक तेज रफ्तार, सीमेंट से लदे अनियंत्रित टेलर ने फुटपाथ पर जा रहे एक अधेड़ साइकिल सवार को बुरी तरह रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे टेलर को चालक समेत दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, टिकैत नगर थाना क्षेत्र के सेवढ़ा (मजरे दुल्हदेपुर) निवासी मोहम्मद इस्लाम मलिक (57 वर्ष), पुत्र मोहर्रम अली, पेशे से फुटकर सब्जी विक्रेता था। बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे वो अपनी साइकिल से रामनगर बाजार में लगने वाली सब्जी मंडी से धनिया और लहसुन खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान मरकामऊ बाजार के समीप पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार सीमेंट लदे टेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। वाहन फुटपाथ पर चढ़ गया और मोहम्मद इस्लाम को कुचल दिया।
चालक को आई थी नींद
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही चंद मिनटों में पहुंची बदोसराय पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घेराबंदी करके टेलर और उसके चालक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि गाड़ी चलाते समय उसे नींद की झपकी आ गई थी, जिसके कारण वाहन से नियंत्रण खो गया।
परिवार में मचा मातम
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ढांढस बंधाकर स्थिति को संभाला और शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।