करंट लगने से खेत में काम कर रहे दो किसानों की दर्दनाक मौत, ग्रामीणों में रोष
July 1, 2026
करंट लगने से खेत में काम कर रहे दो किसानों की दर्दनाक मौत, ग्रामीणों में रोष
कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। सतरिख थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम मोहिउद्दीनपुर में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। खेत में धान की फसल पर दवा का छिड़काव कर रहे दो सगे पड़ोसियों की विद्युत करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। इस दोहरी मौत से पूरे गांव में कोहराम मच गया और किसान संगठनों में भारी रोष व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, मोहिउद्दीनपुर निवासी अरविंद कुमार वर्मा (35) पुत्र राजेंद्र प्रसाद और उनका पड़ोसी शिवम वर्मा (30) पुत्र मिश्रीलाल वर्मा बुधवार सुबह करीब 10 बजे गांव के बाहर स्थित अपने खेत में धान की फसल में कीटनाशक दवा का छिड़काव कर रहे थे। खेत के एक कोने पर विद्युत विभाग का पोल और उसे सहारा देने के लिए स्टे-वायर लगा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छिड़काव करते समय जैसे ही दोनों किसान पोल और स्टे-वायर के समीप पहुंचे, उसमें उतर रहे तेज करंट की चपेट में आ गए। करंट लगते ही दोनों युवक तड़पकर अचेत होकर वहीं गिर पड़े। पास के खेतों में काम कर रहे अन्य ग्रामीणों ने जब दोनों को गिरते देखा, तो वे तुरंत मौके पर दौड़े। आनन-फानन में दोनों अचेत किसानों को जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद अरविंद और शिवम दोनों को मृत घोषित कर दिया। एक ही गांव के दो युवाओं की करंट से मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों और किसान संगठनों का गुस्सा फूट पड़ा। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेता अनुपम वर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए विद्युत विभाग के एक्सईएन रामसनेहीघाट तुरंत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल की जांच की और पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधाते हुए उचित विभागीय कार्रवाई और सहायता का आश्वासन दिया। उधर, सूचना मिलते ही सतरिख थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।