रफ्तार का कहर, ब्रिटेनिया कंपनी के बस चालक की लापरवाही ने ली मासूम की जान, वेंटिलेटर पर माँ

रफ्तार का कहर…

ब्रिटेनिया कंपनी के बस चालक की लापरवाही ने ली मासूम की जान, वेंटिलेटर पर माँ

 

कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। सड़कों पर दौड़ते व्यावसायिक वाहनों के चालकों की मनमानी और लापरवाही मासूम जिंदगियों पर भारी पड़ रही है। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के अटवा के पास ब्रिटेनिया कंपनी की कैब बस के चालक ने घोर लापरवाही और तेज रफ्तार का प्रदर्शन करते हुए आगे जा रही एक स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय मासूम वैष्णवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी माँ रीता यादव लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में जीवन और मौत की जंग लड़ रही हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब एक बजे बल्ला ग्राम (मजरे अजगना) निवासी रीता यादव अपनी बेटी वैष्णवी के साथ स्कूटी से बाराबंकी की ओर आ रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रही ब्रिटेनिया कंपनी की कैब बस के चालक ने ट्रैफिक नियमों को ताक पर रखकर बस को बेहद लापरवाही से दौड़ाया और स्कूटी को रौंद दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक बस समेत मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
इस हादसे ने एक गरीब परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। मृतका के पिता मंगल यादव खुद पेशे से एक टैक्सी चालक हैं, जो दिन-रात मेहनत कर अपने परिवार का पेट पालते हैं। उन्हें क्या पता था कि जिस सड़क पर वह दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए गाड़ी चलाते हैं, उसी सड़क पर किसी दूसरे चालक की लापरवाही उनकी लाडली बेटी को उनसे हमेशा के लिए छीन लेगी। स्थानीय लोगो में ब्रिटेनिया कंपनी की बसों की अनियंत्रित रफ्तार को लेकर भारी आक्रोश है। पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर आरोपी बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top