सड़क हादसे ने उजाड़ा हंसता-खेलता परिवार तेज रफ्तार कार की टक्कर से पिता और 3 वर्षीय मासूम बेटे की मौत, पत्नी की हालत नाजुक

सड़क हादसे ने उजाड़ा हंसता-खेलता परिवार

 

तेज रफ्तार कार की टक्कर से पिता और 3 वर्षीय मासूम बेटे की मौत, पत्नी की हालत नाजुक

 

कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। लखनऊ-महमूदाबाद राज्य मार्ग पर बड्डूपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत धधरा भट्ठा के पास एक भीषण सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई इस जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार पिता और उनके तीन साल के मासूम बेटे की लखनऊ मेडिकल कॉलेज (ट्रॉमा सेंटर) में इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, मृतक की पत्नी की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जो जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम गोडैचा के निवासी मुकेश अपनी पत्नी पूजा और तीन वर्षीय मासूम बच्चे के साथ मोटरसाइकिल से किसी आवश्यक कार्य के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक बड्डूपुर थाना क्षेत्र के धधरा भट्ठा के पास पहुँची, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार फ्रोंक्स कार ने उनकी मोटरसाइकिल को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर काफी दूर जा गिरे और लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुँघटेर ले जाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत लखनऊ मेडिकल कॉलेज ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में जिंदगी और मौत की जंग लड़ते हुए इलाज के दौरान पिता मुकेश और उनके तीन वर्षीय मासूम पुत्र ने दम तोड़ दिया। एक साथ पिता-पुत्र की मौत की खबर जैसे ही गाँव पहुँची, परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

कार की हुई पहचान, कार्रवाई में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय बड्डूपुर पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुँचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। मामले की जानकारी देते हुए मनोज कुमार सोनकर ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाली कार को चिन्हित कर लिया गया है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top