मोहर्रम की चौक पर युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार, हालत नाजुक; पुलिस ने 5 हमलावरों को दबोचा
June 26, 2026
मोहर्रम की चौक पर युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार, हालत नाजुक
पुलिस ने 5 हमलावरों को दबोचा
बाराबंकी। सुबेहा थाना क्षेत्र के जगदीशवापुर गांव में शुक्रवार भोर मोहर्रम की चौक पर मातम के दौरान एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ मामूली विवाद और पुरानी चुनावी रंजिश को लेकर आधा दर्जन युवकों ने एक 18 वर्षीय नवयुवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए लाठियां बरसाकर पीड़ित की जान बचाई और घेराबंदी करके 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल युवक को बेहद गंभीर हालत में लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है, जहाँ वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
जानकारी के अनुसार, जिला अमेठी के शुकुल बाजार (दारानगर) निवासी कमर बेग का 18 वर्षीय पुत्र अन्नान बेग शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे जगदीशवापुर गांव में मोहर्रम की चौक पर आया हुआ था। मातम के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने अन्नान पर पत्थर फेंक दिया। इससे नाराज होकर अन्नान गाली-गलौज करने लगा।
गाली-गलौज सुनते ही वहां मौजूद दारानगर निवासी अरबान खान, उसका सगा भाई आयान खान, सुल्तानपुर के धम्मौर निवासी कैफ खान व फैज खान, शुकुलबाजार निवासी सारिक और जगदीशवापुर के सलमान ने अन्नान पर चाकुओं से हमला बोल दिया। हमलावरों ने जमीन पर गिरे अन्नान के पेट और शरीर पर एक दर्जन से अधिक वार किए।
पुलिस ने लाठियां चटकाकर बचाई जान, 5 गिरफ्तार
चौक पर भारी पुलिस बल की तैनाती के कारण बड़ा हादसा टल गया। चाकुओं से वार होते देख पुलिस ने तुरंत हमलावरों पर लाठियां बरसाईं और अन्नान को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। पुलिस ने मौके से ही पांच आरोपियों (अरबान, अयान, कैफ, फैज और सारिक) को दबोच लिया, जबकि छठा आरोपी सलमान अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
नाजुक हालत में लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर
लहूलुहान अन्नान को तुरंत सीएचसी शुकुलबाजार ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे तिलोई और फिर वहां से गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। युवक की हालत लगातार नाजुक बनी हुई है।
चुनावी रंजिश का मामला
घायल के बड़े भाई कौशर बेग ने बताया कि दोनों पक्ष दारानगर गांव के ही रहने वाले हैं। आगामी पंचायत चुनाव को लेकर दूसरा पक्ष उनसे रंजिश रखता है और उनका मनोबल तोड़ने के उद्देश्य से ही छोटे भाई पर यह जानलेवा हमला किया गया है।