फतेहपुर में दो भीषण सड़क हादसे में एक बुजुर्ग किसान की मौत, चार युवक गंभीर
June 26, 2026
फतेहपुर में दो भीषण सड़क हादसे में एक बुजुर्ग किसान की मौत, चार युवक गंभीर
कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए दो भीषण सड़क हादसों में एक बुजुर्ग किसान की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो बाइकों की आपसी भिड़ंत में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार डीजल लेकर लौट रहे किसान को बाइक ने रौंदाग्राम लहसी निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग किसान राम शंकर वर्मा अपने हिस्से की दो बीघे भूमि पर खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। शुक्रवार को वह अपने धान के खेत में इंजन से सिंचाई करने के लिए साइकिल से डीजल लेकर वापस लौटते समय लहसी-मिठवारा मार्ग पर मंदिर के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राम शंकर सड़क पर दूर जा गिरे और उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचे परिजनों में शव देखकर कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे दो बेटों, चंद्रेश व इंद्रपाल, को छोड़ गए हैं। दुर्घटना के बाद आरोपी बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
दूसरा हादसा फतेहपुर-रसूलपनाह संपर्क मार्ग पर हुआ। जिसमें कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र के ग्राम रसूलपनाह निवासी रोहित कुमार (20), राजन (19), हिमांशु (18) और सत्यम (22) एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक दूसरी तेज रफ्तार बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने चारों का प्राथमिक उपचार किया, सत्यम की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।