डॉ. सुधीर वर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल की जिलाधिकारी से शिष्टाचार भेंट
June 19, 2026
डॉ. सुधीर वर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल की जिलाधिकारी से शिष्टाचार भेंट
जनपद के सभी राजकीय विद्यालयों में पूर्व छात्रों की एलुमनी एसोसिएशन के गठन का रखा प्रस्ताव
एलुमनी एसोसिएशन द्वारा किए गए प्रयासों की जिलाधिकारी ने की सराहना
कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज बाराबंकी के पूर्व छात्रों की संस्था मेंबर्स ऑफ़ एलुमनी एसोसिएशन ऑफ़ गवर्नमेंट इंटर कॉलेज ( मैजिक), बाराबंकी के अध्यक्ष डॉ. सुधीर वर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह से शिष्टाचार भेंट की। जिसमें उपाध्यक्ष सुशील कुमार अग्रवाल, मनोज गुप्ता, विजय तिवारी, डॉ. सुधा वर्मा, अधिवक्ता गणेश चंद्र निगम, डॉ. विमल बैसवार, प्रभात सिन्हा सहित पदाधिकारी एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने एल्यूमनी संस्था के उद्देश्य“उत्तम स्वास्थ्य, प्रबुद्ध शिक्षा, प्रतिभावान छात्र” को सम्मुख रखते हुए जीआईसी बाराबंकी में पिछले ढाई वर्षों में किए गए कार्यों का उल्लेख किया एवं जनपद के सभी राजकीय विद्यालयों में उनके पूर्व छात्रों की एलुमनी एसोसिएशन के गठन का अभिनव प्रस्ताव रखा। यह विचार व्यक्त किया कि प्रत्येक विद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राओं के अनुभवों एवं उनकी प्रतिभाओं साथ ही वर्तमान प्रधानाचार्यों के सामूहिक समन्वय से विद्यार्थियों की शैक्षिक गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार लाया जा सकता है। साथ ही छात्रों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास, नैतिक मूल्यों के संवर्धन तथा विद्यालय परिसरों के सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन को नई दिशा प्रदान की जा सकती है। मैजिक संस्था ने वर्तमान छात्रों के प्रति समर्पित किए गए अपने कार्यों का उल्लेख करते हुए विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया जिसमे शिक्षा, पुस्तकों की उपलब्धता, स्वास्थ्य, स्वच्छता, छात्रवृत्ति वितरण, प्रतिभाशाली छात्रों का सम्मान, जागरूकता अभियान, खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट उपलब्धियों को प्रोत्साहन देने तथा विद्यालय सभागार के आधुनिकीकरण एवं सौंदर्यीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य विशेष रूप से सम्मिलित रहे।
जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने संस्था के इन छात्र केंद्रित प्रयासों को उल्लेखनीय एवं प्रेरणादायी बताते हुए मुक्त कंठ से सराहना की एवं सभी सदस्य पूर्व-छात्रों को उनकी उत्कृष्ट भावनाओं के लिए साधुवाद दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की पहल राजकीय विद्यालयों के समग्र विकास में मील का पत्थर सिद्ध होगी। पूर्व छात्रों और उनकी मातृ संस्थाओं के बीच एक सशक्त एवं स्थायी सेतु का निर्माण करते हुए यह राजकीय विद्यालयों को नई ऊर्जा एवं शिक्षा के क्षेत्र में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराएगी साथ ही यह आश्वासन भी दिया कि जनपद बाराबंकी के समस्त राजकीय विद्यालयों में एलुमनी सहभागिता को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने हेतु प्रशासन द्वारा आवश्यक पहल की जाएगी। इसी क्रम में जिला विकास अधिकारी ए. सुदन को निर्देशित किया गया कि मैजिक संस्था द्वारा विकसित इस अभिनव एवं प्रेरणादायी मॉडल को जनपद बाराबंकी की एक पायलट परियोजना के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्यवाही सुनिश्चित करें साथ ही संबंधित अधिकारियों को इस अभियान से सक्रिय रूप से जोड़ने एवं प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस परियोजना को क्रियान्वित करने का निर्णय लिया गया।