डीएम व एसपी को ज्ञापन देकर, मंदिर प्रबंधन ने प्रेसवार्ता में निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी जनपद के रामपुर मजरे चचेरुवा स्थित श्री स्वामी रामताराम चतुर्भुज मंदिर (पूर्वी गद्दी) के संतों एवं पदाधिकारियों ने शुक्रवार 12 जून को पत्रकार वार्ता आयोजित कर मंदिर से जुड़े विवादों, कथित भ्रामक शिकायतों तथा सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे दुष्प्रचार के संबंध में अपना पक्ष रखा।
प्रेसवार्ता के दौरान मंदिर प्रबंधन ने बताया कि एक दिन पूर्व अर्थात 11 जून को जिलाधिकारी बाराबंकी एवं पुलिस अधीक्षक बाराबंकी को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की गई थी। ज्ञापन में मंदिर की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने, प्रशासन को गुमराह करने तथा समाज में भ्रम फैलाने के प्रयासों की जांच कराने का अनुरोध किया गया है।
मंदिर प्रबंधन के प्रतिनिधियों ने कहा कि श्री स्वामी रामताराम चतुर्भुज मंदिर वर्षों से धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। मंदिर परिसर में नियमित रूप से धार्मिक अनुष्ठान, भंडारे, जनसेवा एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं।
पत्रकार वार्ता में मंदिर पक्ष ने आरोप लगाया कि कुछ व्यक्तियों द्वारा विभिन्न विभागों में लगातार शिकायतें भेजी जा रही हैं तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर भ्रामक जानकारियां प्रसारित कर मंदिर एवं उससे जुड़े संतों की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। मंदिर प्रबंधन का कहना है कि यदि किसी के पास कोई वैध दस्तावेज अथवा साक्ष्य हैं तो उन्हें सक्षम न्यायालय अथवा प्रशासनिक मंच पर प्रस्तुत किया जाना चाहिए, न कि जनभावनाओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से भ्रामक प्रचार किया जाए।
मंदिर से जुड़े संतों एवं पदाधिकारियों ने पत्रकारों को बताया कि उन्हें प्रशासन एवं न्यायिक प्रक्रिया पर पूर्ण विश्वास है और वे चाहते हैं कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सत्य को जनता के सामने लाया जाए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि शिकायतों में लगाए गए आरोपों, प्रस्तुत दस्तावेजों एवं सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री की गहन जांच कराई जाए तथा यदि कोई व्यक्ति जान-बूझकर असत्य तथ्यों का प्रचार-प्रसार कर रहा है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
पत्रकार वार्ता में यह भी कहा गया कि धार्मिक स्थलों को विवादों से दूर रखकर सामाजिक सौहार्द एवं आपसी भाई-चारे को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। मंदिर प्रबंधन ने सभी पक्षों से शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
इस अवसर पर मंदिर से जुड़े संत, पदाधिकारी, श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।








