दो माह पूर्व सांप डसने से पत्नी की मौत के बाद नहर में डूबा पति
May 28, 2026
दो माह पूर्व सांप डसने से पत्नी की मौत के बाद नहर में डूबा पति
कथनी_, करनी_न्यूज
बाराबंकी। दो माह पूर्व पत्नी की सांप काटने से हुई मौत के बाद बुधवार दोपहर नहर में नहाने गए पति की डूबने से हुई मौत से परिवार पर दुखो का पहाड़ टूट पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस नें लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
जानकारी के अनुसार दरियाबाद थाना क्षेत्र के गॉव मझार पोस्ट कुशभर निवासी सरोज कुमार (36) पुत्र पांचू बुधवार की दोपहर गॉव के पास से गुजरी बड़ी नहर में स्नान करने गया था। इस दौरान वो नहर में डूबने लगा। सरोज को डूबता देख ग्रामीणों की नजर पड़नें पर गॉव आकर उसके परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों नें सरोज को नहर से निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस नें सरोज की लाश का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों नें बताया कि सरोज को तैराकी नहीं आती थी, दो महीने पूर्व उसकी पत्नी की सांप के डसने से मौत हो गई थी, जिसका पोस्टमार्टम कराए बिना ही परिजनों नें अंतिम संस्कार कर दिया था। परिवार में दो माह के भीतर पति पत्नी की हुई मौत से मातम सा माहौल व्याप्त है।