रेपिडो टैक्सी में गुम हुआ रूपये रखा बैग, टालमटोल में जुटी पुलिस
March 29, 2026
रेपिडो टैक्सी में गुम हुआ रूपये रखा बैग, टालमटोल में जुटी पुलिस
कथनी_करनी न्यूज
बाराबंकी। लखनऊ से आसपास के जिलों में चलने वाली रेपिडो टैक्सी समय पर बुकिंग के लिए सबसे बेहतर विकल्प मानी जाती है। लेकिन इस कम्पनी के एक चालक की करतूत एजेंसी की साख पर बट्टा लगा रही है। वही पुलिस का ढुलमुल रवैय्या ऐसे चालकों के हौसले बढ़ाने वाला साबित हो रहा है।
मामला नगर कोतवाली क्षेत्र की बड़ेल चौकी से सम्बंधित है। बीती चार मार्च होली की रात लखनऊ के गोमती नगर रेपिडो टैक्सी बुक करके प्रकाश और उनका परिवार बड़ेल चौकी क्षेत्र में रामसेवक इंटर कॉलेज के सामने केएलसी अपार्टमेंट आया था। प्रकाश चालक के बगल वाली सीट पर बैठे जबकि परिवार पीछे बैठा था, उनके कंधे पर सात हजार रुपए रखा बैग था। कार से उतरते समय सीट बेल्ट के साथ बैग भी कार में छूट गया। जिसके 10 मिनट बाद चालक अशोक को फोन किया तो उसने बैग मिलने से साफ इंकार कर दिया। चालक अशोक का कहना था उनके बाद दूसरी सावरी बैठी थी। चालक की नीयत डोलती देख छह मार्च को बड़ेल चौकी प्रभारी रविंद्र को लिखित तहरीर देने पहुंचे। चौकी प्रभारी की सलाह पर यूपी कॉप पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। बैग में रुपयों के साथ दोनों बेटी और दंपत्ति के आधार और आर्टिफिशल आभूषण भी थे। 25 दिनों का लम्बा समय बीत जाने के बावजूद पुलिस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठा सकी है। जबकि सीसीटीवी में साफ दिख रहा है कि पीड़ित जब कार से उतरा तब बैग उनके पास नहीं था, जो कार में ही रह गया। पुलिस के इस प्रकार के ढुलमुल रवैय्ये से पीड़ित का सुरक्षा व्यवस्था से विश्वास उठता जा रहा है।