कथनी_करनी न्यूज़
बाराबंकी। मसौली थाना क्षेत्र में एक चिकित्सक का शव उसके घर के अंदर छत के पंखे की रॉड से मफलर के सहारे लटकता मिलने से कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस शव का पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई में जुट गई।
जानकारी के अनुसार मसौली थाना क्षेत्र के देवकलिया गॉव निवासी संदीप कुमार वर्मा (43) पुत्र सूर्य प्रकाश वर्मा का शव घर के अंदर फांसी के फंदे से लटकता मिलने से अफरा-तफरी मच गई। पड़ताल के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मृतक संदीप ने बी-फार्मा किया हुआ था, बी-फार्मा के अनुभव के आधार पर बदोसराय कोतवाली क्षेत्र के मौलाबाद गॉव में क्लीनिक चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। पूर्व में उसका विवाह शिवकुमारी के संग हुआ था, जो अपने पुत्र की डेढ़ वर्ष की आयु में पति को छोड़कर दूसरी शादी करके अलग जाकर रहने लगी थी। नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पल्हरी चौराहा स्थित शिवाजीपुरम कालोनी में रह रहे पहली पत्नी के 17 वर्षीय पुत्र दिव्यांशु ने बताया कि उसके पिता ने 10 वर्ष पूर्व दूसरा विवाह मसौली थाना क्षेत्र के ठकुरिया गॉव निवासिनी आरती से किया था, जिससे उन्हें छह वर्षीय पुत्र है। बृहस्पतिवार सवेरे छह बजे पड़ोसियों ने संदीप का शव फांसी पर झूलता हुआ देखा और परिवार को सूचना दी। जिसके बाद घर पहुंची आरती का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दिव्यांशु ने बताया कि बीती रात दोनों के बीच हुए विवाद के बाद आरती चली गई थी जिसके बाद उसके पिता ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला को समाप्त कर लिया होगा।
पुलिस का कहना है मामले की छानबीन की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।