मंडलायुक्त बोले मतदाता सूची से न छूटे कोई पात्र

मंडलायुक्त बोले मतदाता सूची से न छूटे कोई पात्र

 

शेष मतदाताओं से भरवाएं फॉर्म-6 – राजेश कुमार

राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील, नो-मैपिंग मतदाताओं की सुनवाई का किया निरीक्षण
कथनी_करनी न्यूज़
बाराबंकी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत मंगलवार को आयुक्त/रोल प्रेक्षक अयोध्या मण्डल, अयोध्या राजेश कुमार द्वारा जनपद में समीक्षा बैठक एवं निरीक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ।

मण्डलायुक्त के जनपद में आगमन पर कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक त्रिपाठी द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया। तत्पश्चात कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के सम्बन्ध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर एसआईआर (विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण) के द्वितीय चरण में जारी नोटिसों की सुनवाई के दौरान मतदाताओं की अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु सभी राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपील की गई, जिससे अधिक से अधिक मतदाता निर्धारित तिथियों पर सुनवाई स्थलों पर पहुँच सकें। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित एसओपी के संबंध में भी अवगत कराया गया।

मण्डलायुक्त ने कहा कि अयोध्या मण्डल के सभी जनपदों की तुलना में बाराबंकी जनपद में ‘नो-मैपिंग’ मतदाताओं की संख्या न्यूनतम है, जो सराहनीय है। यह उपलब्धि राजनीतिक दलों के सहयोग एवं जिला प्रशासन के सतत प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने निर्देशित किया कि आयोग द्वारा निर्धारित विशेष अभियान की तिथियों में शेष बचे सभी पात्र मतदाताओं से अनिवार्य रूप से फॉर्म-6 भरवाया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रह जाए।

इसके उपरांत मण्डलायुक्त ने विधानसभा क्षेत्र 268-बाराबंकी एवं 269-जैदपुर के अंतर्गत एसआईआर के द्वितीय चरण में ‘नो-मैपिंग’ वाले मतदाताओं की एईआरओ द्वारा की जा रही सुनवाई प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित एईआरओ से की गई सुनवाई के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए आयोग द्वारा निर्धारित एसओपी का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा सुनवाई हेतु आने वाले मतदाताओं को सही एवं स्पष्ट जानकारी देकर नोटिसों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने को कहा।

अंत मे मण्डलायुक्त द्वारा विकास खंड बनीकोडर में विधानसभा क्षेत्र 270-दरियाबाद की चल रही नोटिस सुनवाई प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाताओं से संवाद करके नोटिस तामील एवं सुनवाई प्रक्रिया के संबंध में उनके अनुभवों का फीडबैक प्राप्त किया। साथ ही एईआरओ से पोर्टल पर की जा रही कार्यवाहियों का संचालन कराकर अवलोकन किया गया। इस अवसर पर आयुक्त महोदय ने निर्देश दिए कि जिस दिन जिन-जिन भाग संख्या के नोटिसों की सुनवाई निर्धारित हो, उस दिन संबंधित भाग संख्या के बीएलओ की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top