जिले की बेटी को राष्ट्रपति ने दिया PM राष्ट्रीय बाल पुरस्कार

पूजा पाल को पीएम राष्ट्रीय बाल पुरस्कार

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रदान किया सम्मान

कथनी_करनी न्यूज़
बाराबंकी। जिले की प्रतिभाशाली बेटी पूजा पाल को धूल रहित थ्रेशर के अभिनव प्रयास के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार उन्हें भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रदान किया गया। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार देश का सर्वोच्च बाल सम्मान है, जो उन बच्चों को दिया जाता है जिन्होंने शिक्षा, खेल, कला, संस्कृति, विज्ञान, समाज सेवा अथवा नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया हो। पूजा पाल द्वारा विकसित धूल रहित थ्रेशर किसानों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के साथ-साथ कृषि कार्य को अधिक सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण नवाचार है। यह यंत्र थ्रेशिंग के दौरान उड़ने वाली धूल को नियंत्रित कर श्वसन संबंधी समस्याओं को कम करने में सहायक है। उल्लेखनीय है कि पूजा पाल इससे पूर्व भी अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का परिचय दे चुकी हैं। इंस्पायर अवार्ड के अंतर्गत चयनित होकर वे जापान की शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक यात्रा कर चुकी हैं, जहाँ उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया और अपने नवाचार को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने पूजा पाल की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पूजा पाल जनपद बाराबंकी का गौरव हैं। उनके द्वारा निर्मित धूल रहित थ्रेशर न केवल नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण है, बल्कि यह किसानों के स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान भी है। कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त कर उन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि जनपद की प्रतिभाएं किसी से कम नहीं हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि पूजा पाल की सफलता से जिले के अन्य छात्र-छात्राओं को भी विज्ञान, नवाचार और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top