उल्लास पूर्वक मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

 

जनपद में श्रद्धा, सम्मान, उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

“यह आजादी हजारों अमर बलिदानों की देन है, हमें उनके त्याग को कभी नहीं भूलना चाहिए” :  सतीश चंद्र शर्मा

देशभक्ति के रंग में रंगा जिला प्रशासन, सम्मानित किए गए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गूंजा ‘वंदे मातरम्’

बाराबंकी। 79वें स्वतंत्रता दिवस पर जनपद का कोना-कोना देशभक्ति की धुनों से सराबोर रहा। सुबह की पहली किरण के साथ ही गलियों और मोहल्लों में नन्हें-मुन्ने बच्चे हाथों में तिरंगा थामे “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के उद्घोष करते निकले। मानो पूरा जिला आजादी के रंग में डूब गया हो।

कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण, गूंजा राष्ट्रगान

कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने ध्वजारोहण किया और सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद नगर पालिका सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मंत्री शर्मा ने जिलाधिकारी व अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। मा. राज्यमंत्री ने कहा कि यह आजादी हजारों अमर बलिदानों की देन है। हमें उनके त्याग को कभी नहीं भूलना चाहिए और देश निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आजादी हमें एक लम्बे संघर्ष के बाद मिली है, हमें अपने वीर शहीदों, स्वतन्त्रता संग्राम सेनानियों को हृदय में सजोकर नये भारत को आगे बढ़ाने में निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज शासन, प्रशासन निरंतर देश की उन्नति में अपनी सकारात्मक भूमिका निभा रहा है, हमें इन प्रयासों में और बल देने की आवश्यकता है, जिससे आने वाले समय में हम अपने देश को एक नई पहचान दे सकें, अपने महापुरूषों के आदर्शां, सपनों को साकारित कर सकें।

जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया जोश, युवाओं को दी प्रेरणा

 एमएलसी अंगद सिंह और जिला पंचायत अध्यक्षा व विधायक हैदरगढ़ दिनेश रावत, जिलाध्यक्ष भाजपा अरविंद कुमार मौर्या ने अपने संबोधन में युवाओं को राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। जिलाधिकारी  शशांक त्रिपाठी ने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि केंद्र सरकार देश को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के संकल्प पर अग्रसर है और प्रदेश सरकार प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी की दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं। इसमें हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज हम 79वां स्वतन्त्रता दिवस मना रहे हैं, हमें आजादी लम्बे संघर्ष के बाद मिली, हमें उन संघर्षो को याद करते हुए देश को और आगे ले जाने के लिए प्रयासरत रहना चाहिए, निरंतर नये सकारात्मक प्रयासों के द्वारा समाज व देश को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका का निर्वहन करना चाहिए।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में झलकी विविधता

कार्यक्रम में सरस्वती वंदना से शुरुआत हुई, जिसे बेसिक शिक्षा विभाग की छात्राओं ने प्रस्तुत किया। इसके बाद राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की चार छात्राओं, इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज की 17 छात्राओं और पायनियर मांटेसरी हाईस्कूल की 17 छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति गीतों और नृत्यों ने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया।

पुरस्कार और सम्मान से बढ़ा उत्साह

अंत में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। स्वास्थ्य और शिक्षा सहित कई विभागों की प्रतिभाओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्रवण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) इंद्रसेन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अवधेश कुमार यादव, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार देव पांडे, जिला विद्यालय निरीक्षक ओपी त्रिपाठी सहित सभी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top