कथनी_करनी न्यूज़
बाराबंकी। रामनगर थाना क्षेत्र में रविवार को रेल पटरी के पास तालाब में मिले अज्ञात व्यक्ति की शिनाख्त बिहार प्रान्त के निवासी के रूप में हो गई। जिसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। जानकारी के अनुसार रविवार को रामनगर थाना क्षेत्र में रानीबाजार के पास रेल पटरी के किनारे तालाब में एक अज्ञात युवक का शव पुलिस ने बरामद किया था। शव की तलाशी लेने पर पुलिस को ट्रेन का टिकट और कुछ कागजात मिलने पर बिहार पुलिस से सम्पर्क किया। जिसके बाद बिहार प्रान्त के समस्तीपुर जिले के थाना हसनपुर क्षेत्र के रजबा गॉव निवासी शम्भू यादव (37) पुत्र बीनू यादव के रूप में शव की शिनाख्त हुई। समस्तीपुर जिले अवधेश यादव ने मृतक का शाला और राजेश ने भांजा बताते हुए शव की शिनाख्त की। उन्होंने पुलिस को बताया कि शम्भू दिल्ली में राई स्थित दाल मिल में नौकरी करता था। जहाँ से बीती नौ मार्च को निकला था। बीती 11 मार्च की रात से उसका मोबाइल स्विच ऑफ था। पुलिस का कहना है कि मृतक के पास ट्रेन का जनरल डिब्बे का टिकट बरामद हुआ है। रविवार की शाम परिजनों को सूचना दी गई थी। मृतक तीन पुत्री और एक पुत्र का पिता था, रोजगार के लिए दिल्ली गया था, जहाँ से लौटते समय ट्रेन दुर्घटना का शिकार हो गया।