लाजपत नगर गुरुद्वारे में धूमधाम से मनाया गया मीरी-पीरी के मालिक गुरु हरगोबिंद साहिब का प्रकाश पर्व
June 30, 2026
लाजपत नगर गुरुद्वारे में धूमधाम से मनाया गया मीरी-पीरी के मालिक गुरु हरगोबिंद साहिब का प्रकाश पर्व
कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। लाजपत नगर गुरुद्वारा परिसर में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा सिख धर्म के छठे गुरु, मीरी-पीरी के मालिक साहिब श्री गुरु हरगोबिंद साहिब का प्रकाश पर्व बेहद श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस धार्मिक समागम में भारी संख्या में संगतों ने हाजिरी भरी और गुरु चरणों में माथा टेका।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में एक सप्ताह पूर्व श्री गुरु ग्रंथ साहिब के सहज पाठ आरंभ किए गए थे, जिनकी समाप्ति आज पूर्ण विधि-विधान और अरदास के साथ हुई। इसके उपरांत गुरुद्वारे में विशेष दीवान सजाया गया।
सजे दीवान में अमृतसर से आए हुजूरी रागी भाई हुकुम सिंह के जत्थे ने संगतों को पवित्र गुरबाणी के रसभिने कीर्तन और भजनों से निहाल किया। इस दौरान सिख बच्चों ने भी गुरुद्वारा परिसर में कीर्तन और गुरुजस का गायन कर समां बांध दिया। बच्चों द्वारा गाए गए शबद ‘‘तार क्रिपा प्रभु हाथ दे राखिआ, हर गोबिन्द नवा निरोवा’’, ‘‘पंज पिआले पंजपीर छटम्पीर बैठा गुर भारी, अर्जुन काया पलट के मूरत हरगोबिन्द सवारी’’ और ‘बडी आरजा हरगोबिन्द की सुख कल्याण विचाराया’ को सुनकर पूरा परिसर गुरु के जयकारों से गूंज उठा।
समाप्ति की मुख्य अरदास के बाद गुरुद्वारे में विशेष रूप से मिस्सी रोटी और लस्सी का अटूट लंगर किया गया। इस लंगर की खास बात यह रही कि इसमें सभी धर्मों और वर्गों के लोगों ने बिना किसी ऊंच-नीच या भेदभाव के, एक साथ पंगत (पंक्ति) में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया, जो कौमी एकता और भाईचारे की मिसाल बना।
इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मुख्य सेवादारों सहित क्षेत्र की कई गणमान्य हस्तियां मौजूद रहीं। इनमें मुख्य रूप से सरदार भूपेंद्र सिंह, सरदार प्रेमपाल सिंह पल्ले, सरदार चरनजीत सिंह, सरदार राजदीप सिंह, सरदार रविंदर सिंह, सरदार हरपाल सिंह, सरदार परमजीत सिंह, सरदार मनमीत सिंह, सरदार रनबीर सिंह, कवलजीत कौर, सुमित्रा कौर, रंजीत कौर, सिंदर कौर और बलबीर कौर सहित भारी संख्या में संगत उपस्थित थी।