कैलाश आश्रम चंद्रेश्वर महादेव मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा

कैलाश आश्रम चंद्रेश्वर महादेव मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा

दूधेश्वर महादेव मंदिर में होगी भागवत कथा

 

महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर निकाली शोभायात्रा, 7 से 13 मार्च तक चलेगी श्रीमद् भागवत कथा

 

कथनी_करनी न्यूज़
बाराबंकी। शहर में शनिवार को श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ से पहले भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह कलश यात्रा शहर के कैलाश आश्रम स्थित चंद्रेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं सिर पर कलश लेकर भक्ति भाव के साथ शामिल हुईं। यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए रसूलपुर मोहल्ला स्थित दूधेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां कथा का आयोजन किया जाएगा।
कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे, जिससे पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया। महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सिर पर कलश रखकर शोभायात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान किया। मंदिर पहुंचने के बाद विधि-विधान के साथ कलश स्थापना की गई और इसके साथ ही धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई।
आयोजक संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि दूधेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन 7 मार्च से 13 मार्च तक किया जाएगा। कथा का वाचन वृंदावन से आए कथावाचक अभिनव महाराज द्वारा किया जाएगा। प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक श्रद्धालुओं को कथा का श्रवण कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रतिदिन कथा के समापन के बाद शाम को भव्य आरती की जाएगी और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया जाएगा। आयोजकों ने सभी भक्तों से कथा में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।
इस अवसर पर मंदिर के पुजारी दद्दन मिश्रा, उमाशंकर जायसवाल, मदन शुक्ला, रोहित द्विवेदी, विष्णु तिवारी, निधि तिवारी, संतोष कुमार तिवारी, नवनीत तिवारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं व भक्तजन मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top