विज्ञान शिक्षिका का लटकता मिला शव, दुख में डूबा विभाग
पति व भाई ने लगाए आरोप, पहुंची पुलिस और फॉरेन्सिक टीम
कथनी_करनी न्यूज़
बाराबंकी। सतरिख थाना क्षेत्र अंतर्गत हरख विकास खण्ड के उधवापुर कम्पोजिट विद्यालय की सहायक अध्यापिका का शव फांसी पर झूलता मिलने से विभाग में हड़कम्प मच गया। शिक्षिका की मौत की सूचना परिजनों को मिलने के बाद उनके पति और भाई ने कई सवाल खड़े किए है।
जानकारी के अनुसार नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जलालपुर निवासी ऋषि वर्मा विकास खण्ड सिद्धौर के टेड़वा गॉव के कंपोजिट विद्यालय में शिक्षक है। उनकी 40 वर्षीय पत्नी उमा वर्मा उर्फ़ माला हरख विकास खण्ड के उधवापुर कंपोजिट विद्यालय में विज्ञान विषय की सहायक अध्यापिका थी। रोजाना की भांति उमा को उधवापुर विद्यालय छोड़ने के बाद ऋषि अपनी ड्यूटी पर निकल गए थे। साढ़े 11 बजे उधवापुर कंपोजिट विद्यालय में हड़कम्प मच गया। जब प्रधानाध्यापिका कक्ष अंदर से बंद मिला। स्टॉफ द्वारा दरवाजा खोल अंदर देखे जाने पर नजारा देख कर सबके होश उड़ गए। जब देखा झंडे की रस्सी के सहारे उमा वर्मा का शव फांसी के फंदे से झूल रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेन्सिक टीम ने मौके की पड़ताल करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बीच पहुंचे परिजनों को विभागीय लोग उमा की मौत से सन्न थे। पति ने स्टॉफ पर आरोप लगाते हुए बताया कि किसी ने समय रहते उमा को अस्पताल तक पहुचाने की जहमत नहीं की।
पति और भाई ने लगाए सनसनीखेज आरोप
मृतका के पति ऋषि ने बताया कि उमा काफी लगन और मेहनत से छात्रों को पढ़ाती थी। क्लास बच्चे भी मेहनत से पढ़ते थे। लेकिन विद्यालय के कुछ लोगो को ये सब अखरता था, प्रिंसिपल से तंग थी। ट्रांसफर का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। वही मृतका के भाई शिवाकांत वर्मा का कहना है कि मेरी बहन मन लगाकर बच्चो को पढ़ाती थी। इस बात को लेकर स्टॉफ तंज कसते हुए टीका टिप्पणी करते हुए कहता रहता था कि इन्हे अवार्ड चाहिए।
दोषी पर होगी कड़ी कार्रवाई – बीएसए
बहुत दुखद घटना है। उमा की मौत के मामले में पुलिस ने जाँच शुरु कर दी है। जो कोई भी दोषी पाया जाएगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शिक्षिका को प्रताड़ित किए जाने जैसी कोई शिकायत मेरे संज्ञान में नहीं है।
नवीन कुमार पाठक
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, बाराबंकी।


