वैगनआर टैक्सी की टक्कर से गई गर्भवती महिला के पति की जान
February 21, 2026
वैगनआर टैक्सी की टक्कर से गई गर्भवती महिला के पति की जान
कथनी_करनी न्यूज़
बाराबंकी। बीती रात हुंसेपुर में ममेरी बहन के विवाह से वापस लौट रहे बाइक सवार युवक की तेज रफ्तार टैक्सी की टक्कर से मौत हो गई। युवक की मौत से उसकी गर्भवती पत्नी पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा।
जानकारी के अनुसार अंसन्द्रा थाना क्षेत्र के गॉव अद्रापुर मजरे भवनियापुर निवासी संदीप कुमार शर्मा (35) पुत्र स्व. मिथलेश शर्मा के मामा रामशंकर की पुत्री का शुक्रवार की रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में कोटवा सड़क स्थित हुंसेपुर गॉव में विवाह था। ममेरी बहन के विवाह से दूसरे वैवाहिक समारोह में जाने के लिए संदीप बाइक से अद्रापुर के लिए बाइक से देर रात निकला था। रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में सूरजवापुर और कोटवा सड़क के बीच मार्ग पर विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार वैगन आर टैक्सी ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के चीथड़े उड़ गए और बाइक सवार उछल कर दूर जा गिरा। मौके पर पहुंची पुलिस ने लहूलुहान संदीप को बनीकोडर सीएचसी पहुंचाया, जहाँ उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस बीच वैगनआर का चालक टैक्सी छोड़कर मौके से फरार होने में सफल हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। दुखद समाचार से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के छोटे भाई कुलदीप ने बताया कि संदीप प्राइवेट चालक था, उसके एक चार वर्षीय पुत्र और गर्भवती पत्नी है।