करंट की चपेट में आकर किशोर की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
July 10, 2026
करंट की चपेट में आकर किशोर की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
कथनी_करनी_न्यूज
बाराबंकी। रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के पूरे अहिरन मजरे सकोली गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा होने से कोहराम मच गया। बारिश के दौरान घर के बाहर खेल रहा 14 साल के किशोर की विद्युत केबिल में उतरे करंट की चपेट में आकर दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, पूरे अहिरन मजरे सकोली गांव निवासी धारानाथ यादव का 14 वर्षीय पुत्र शिवांश शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे घर के बाहर खेल रहा था। उस समय तेज बारिश भी हो रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विद्युत खंभे से घर तक आई केबिल काफी जर्जर हालत नें नीचे लटक रही थी।लगातार हो रही बारिश के वजह से पानी से भीगी जर्जर केबिल में करंट उतर आया। खेलते-खेलते मासूम शिवांश इसी केबिल की चपेट में आ गया और करंट लगते ही वह केबिल सहित जमीन पर गिरकर तड़पने लगा।
हादसे को देख कर लोगो में हड़कंप मच गया। शोर सुनकर परिजन और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। ग्रामीणों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए सूखी लाठी की मदद से केबिल को किशोर से अलग किया। इसके बाद परिजन उसे लेकर तुरंत सीएचसी रामसनेहीघाट भागे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद किशोर को मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची। कोतवाली प्रभारी दयाशंकर द्विवेदी ने बताया कि पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हादसे के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।