धूँ-धूँ कर जला फर्टीलाइजर गोदाम, भारी नुकसान
कथनी_करनी न्यूज़
बाराबंकी। कोतवाली रामसनेहीघाट क्षेत्र में हैदरगढ़ मार्ग पर स्थित दयारामपुरवा गांव के पास शांति फर्टिलाइजर्स के गोदाम में बृहस्पतिवार सवेरे लगी भीषण आग की चपेट में आकर गोदाम में रखा करोड़ो का सामान खाक हो गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर कड़ी मशक्क्त से आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार भिटरिया निवासी विपिन नारायण की भिटरिया-हैदरगढ़ मार्ग पर दयारामपुरवा गांव के निकट शांति फर्टिलाइजर्स के नाम की थोक विक्रेता की दुकान और दुकान के पीछे गोदाम है। बृहस्पतिवार सवेरे गोदाम से अचानक धुआं उठता देख कर आस-पड़ोस के लोगों में हड़कम्प मच गया। गोदाम के स्टॉफ ने इसकी सूचना मिलते ही मालिक विपिन मौके पर पहुंचे और पुलिस व अग्निशमन विभाग को घटना की जानकारी दी।
मौके पहुंची दमकल कर्मियों की टीम ने जब शटर खोल कर देखा तो गोदाम के अंदर रखी सल्फर और अन्य रासायनिक दवाओं की बोरियों के ढेर में लगी भीषण आग में धूँ-धूँ कर उठती लपटे धुओं का गुबार उड़ेल रही थी। रासायनिक पदार्थ के जलने से आग तेजी से बढ़ रही थी, जिससे आग बुझाने में दमकल कर्मियों की मुश्किलें बढ़ती जा रही थी।
गोदाम के अंदर जाने का रास्ता काफी सकरा होने से वेंटिलेशन की समुचित व्यवस्था तक नहीं थी। अग्निशमन यंत्रों के अभाव के चलते राहत कार्य प्रभावित हुआ। इसके बावजूद दमकल कर्मियों की समय से आग पर काबू पा लेने से आस पड़ोस में बड़ा हादसा टल सका।
इनका कहना है :
गोदाम मालिक विपिन नारायण का कहना है कि गोदाम में जिंक फास्फेट सहित अनेक प्रकार की पेस्टिसाइड कीटनाशक, दवाएं, बीज और कृषि सम्बंधित मशीनें मौजूद थीं। आग की चपेट में आकर जलकर नष्ट हुए सामान की कुल कीमत करीब आठ करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान लगाया जा रहा है। जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होना माना रहा है।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गोदाम में सुरक्षा मानकों का अभाव था। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


